Friday , April 19 2024

up exit polls 2022: एक और सर्वे बनवा रहा सपा की सरकार, जानें- भाजपा के लिए क्या अनुमान

लखनऊ (आई वाच न्यूज़ नेटवर्क)। पांचों राज्यों में मतदान समाप्त होने के बाद जहां एग्जिट पोल में सभी चैनलों ने यूपी में योगी सरकार का फिर से आने का दावा किया जा रहा है तो दो सर्वे इस बार यूपी की सत्ता में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी कर रहे हैं। देशबंधु के अलावा एक और सर्वे है, जिसमें यह दावा किया गया है कि इस बार समाजवादी पार्टी को बंपर जीत मिल रही है, जबकि भाजपा को काफी नुकसान हो रहा है। जानिए, क्या कहता है सर्वे

4-पीएम और द पॉलिटिक्स डॉट इन के सर्वे का अनुमान है कि उत्तरप्रदेश में इस बार अखिलेश यादव एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सर्वे में दावा किया गया है कि समाजवादी पार्टी को यूपी चुनाव में 238 सीटें मिल सकती हैं, वहीं भाजपा महज 157 सीटों में सिमट रही है। वहीं, सर्वे के अनुसार, बसपा को छह और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में भी एक सीट जा सकती है।

सर्वे में भाजपा का वोटिंग प्रतिशत भी गिरा
सर्वे में यह भी दावा किया गया है कि साल 2017 के मुकाबले इस बार भाजपा का वोट प्रतिशत भी गिर रहा है। इस बार भाजपा को 32 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं जबकि साल 2017 में भाजपा को 39.67% वोट मिले थे। वहीं, समाजवादी पार्टी का का वोट प्रतिशत 21.82% से बढ़कर 41% तक पहुंचने की अनुमान है।

देशबंधु ने भी की है सपा की भविष्यवाणी
इससे पहले देशबंधु के सर्वे में भी यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है। इस सर्वे के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को इस बार 228 से 244 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, भाजपा को महज 134 से 150 सीटें मिलने का अनुमान है। उधर, कांग्रेस के खाते में एक से 9, बसपा को 10 से 24 और अन्य के खाते में शून्य से छह सीटें तक आ सकती हैं।

उधर, तमाम चैनलों (उपरोक्त दो एग्जिट पोल को छोड़कर) के एग्जिट पोल में जहां इस बार भाजपा को बहुमत मिलने के आसार हैं लेकिन, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इससे इत्तेफाक नहीं रखते। सोमवार को सातवें चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद अखिलेश ने दावा किया कि इस बार जनता उन्हें 300 पार का आशीर्वाद दे रही है। वहीं, जयंत चौधरी ने भी एग्जिट पोल के सर्वे को नकारा है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन स्पष्ट हो जाएगा कि प्रदेश में समादवादी पार्टी गठबंधन सरकार बनाने जा रही है।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch