Friday , April 19 2024

नवंबर में होने थी सुशांत की शादी, सबको जाना था मुंबई

सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी चाची को चार धाम की यात्रा कराने का वादा किया था। चाचा से तीन दिन पहले बात में पिता ने नवंबर में होने वाली शादी में सबको मुंबई आने का निमंत्रण दिया था।

बिहार की शान और बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मायनगरी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली। सुशांत फिल्‍मों के साथ थियेटर और टीवी अभिनेता थे। उनके खुदकुशी करने से हर कोई स्तब्ध है। सुशांत सिंह राजपूत मूल रूप से बिहार के पूर्णिया के रहने वाले थे। वे हमेशा लोगों से बिहार की बोली और यहां के व्यंजनों का जिक्र किया करते थे। स्वजनों ने बताया कि सुशांत की शादी नवंबर में होने वाली थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। किसी ने सोचा नहीं था कि खुशखबरी से पहले ऐसी दुखभरी खबर सुनने को मिलेगी।

मलडीहा में उनके चचेरे भाई पन्ना सिंह और चाची पद्मा देवी कहती हैं कि सुशांत मजबूत इच्छाशक्ति वाला युवक था। वे हर किसी का दिल जीत लेता था। हमेशा हंसता रहता था। जरूर इस घटना के पीछे कोई साजिश है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया कृष्ण कुमार उर्फ रिंकू यादव ने स्वजनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे बात-बात में उनका याद कर रोने लग रही है।

चारों धाम की यात्रा कराने का किया था वादा

सुशांत की चाची पद्मा देवी ने बताया कि सुशांत उनसे अगले साल घर आने का वादा कर गया था। उसने कहा था कि हवाई जहाज से चारों धाम की यात्रा करवाऊंगा। पद्मा देवी फफककर रोते हुए कहती हैं, अब कौन चारों धाम की यात्रा पर ले जाएगा। पन्ना सिंह ने बताया कि रविवार सुबह जब घटना की सूचना पहुंची तो सभी स्तब्ध रह गए। दो-तीन दिन पहले ही फोन से सुशांत के पिता से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि नवंबर में सुशांत की शादी करनी है। सबको मुंबई चलना होगा। अब बार-बार उनकी ये बात याद आती है। अब क्यों मुंबई जाएंगे? किससे मिलेंगे? हमने अपने परिवार का एक अजीज साथी खो दिया है।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch