Saturday , April 20 2024

महाकाल मंदिर में विकास के साथ थे कई लोग, तलाश मे जुटी उज्जैन पुलिस

उज्जैन। कानपुर में आठ पुलिसवालों की हत्या के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया है। विकास दुबे से पूछताछ में जुटी पुलिस को कुछ और संदिग्धों के बारे में पता चला है, जो उसके साथ मौजूद थे। उज्जैन के कई इलाकों में पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है।जानकारी के मुताबिक, सरेंडर के दौरान वह चिल्ला रहा था कि मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला।

सूत्रों के अनुसार दुबे के साथ कुछ और लोग थे, जो उज्जैन में ही ठहरे हुए थे। पुलिस को यूपी की दो कारें भी मिली हैं। इसमें शुभम नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस ने शक के आधार पर दो स्थानीय व्यक्तियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र का कहना है कि वारदात होने के बाद से ही हमने मध्य प्रदेश पुलिस को अलर्ट पर रखा था। जैसे ही संदेह हुआ उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया।

बता दें कि सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों की सामूहिक हत्या का मुख्य आरोपित विकास दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा पुलिस भी तलाश कर रही थी। विकास दुबे गुरुवार रात पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद से ही फरार था। विकास की गिरफ्तारी से पहले यूपी पुलिस ने आज उसके दो साथियों का एनकाउंटर कर दिया था।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch