Friday , April 26 2024

UN महासभा के 75वें सत्र को वर्चुअली संबोधित कर सकते हैं PM मोदी, आधिकारिक घोषणा का इंतजार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Narendra Modi) इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 75वें सत्र को संबोधित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करने की संभावना है। हालांकि, अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा(UNGA) की उच्च स्तरीय बैठक के लिए विश्व निकाय द्वारा जारी किए गए वक्ताओं की एक अस्थायी सूची के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने की उम्मीद है। संयुक्त राष्ट्र महासभा(UNGA) के एक अस्थायी कार्यक्रम के अनुसार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 सितंबर को सुबह के सत्र में अपना भाषण देंगे।

संयुक्त राष्ट्र के 75 साल के इतिहास में पहली बार यूएन महासभा के सत्र का आयोजन वर्चुअली किया जाएगा। सभी देशों के राष्ट्राध्यक्ष कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में शारीरिक रूप से शामिल नहीं होंगे। दुनियाभर में कोरोना वायरस महामारी के संकट के बीच इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा(UNGA) के 75वें सत्र के आगामी 22 से 29 सितंबर के बीच वर्चुअल प्रारूप में आयोजित होने की उम्मीद है। हालांकि, इसको लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

पिछले सत्र में आतंकवाद के मुद्दे को उठाया

पिछले साल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UNGA के 74वें सत्र को संबोधित किया था। उस दौरान पीएम मोदी ने अपने भाषण में एक समावेशी, मुखर और जवाबदेह दुनिया के निर्माण पर जोर दिया था।  उन्होंने जलवायु की रक्षा करने, आतंकवाद से लड़ने और वैश्विक शांति बनाए रखने की भी बात कही। आतंकवाद को मानवता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने दुनिया के नेताओं से मानव जाति के लिए एकजुट होने की अपील की थी। मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संदेश को भारतीय संस्कृति के अनुसार बोलते हुए मंच से साझा किया था।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch