Thursday , March 28 2024

बिहार: जिसने कहा टिकट के बदले तेजस्वी यादव ने माँगे ₹50 लाख, उस RJD नेता की गोली मारकर हत्या

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में रविवार (अक्टूबर 4, 2020) को राजद नेता शक्ति मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शक्ति मलिक वही नेता हैं, जिन्होंने कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव पर टिकट के बदले 50 लाख रुपए माँगने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। वह आरजेडी के अनुसूचित जाति और जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव थे।

डीएसपी आनंद पांडे ने बताया कि आज सुबह शक्ति मलिक के निवास पर तीन लोगों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जाँच चल रही है।

शक्ति मलिक ने तेजस्वी यादव पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया था। शक्ति मलिक का नेता प्रतिपक्ष पर आरोपों के बाद वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वो तेजस्वी यादव पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए दिखाई दिए थे।

शक्ति मलिक ने आरोप लगाया था कि जब वो अपने प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल साधु के साथ तेजस्वी यादव से मिलने पहुँचे तो उन्होंने पहले तो रकम की माँग की और जब कहा कि विचार करेंगे तब उन्हें जातिसूचक गाली देकर कहा कि तुमको विधानसभा नहीं जाने देंगे और वहाँ से भगा दिया।

वीडियो में आरोप लगाते हुए शक्ति मलिक ने कहा था कि पार्टी में टिकट की माँग करने पर तेजस्वी यादव ने 50 लाख रुपए चंदा माँगा था और जब कहा कि ठीक है सोच कर बताते हैं, तब उन्हें जातिसूचक गाली देकर भगा दिया।

शक्ति मलिक की पत्नी और परिजनों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और अनिल साधु पर हत्या करवाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा उन्होंने अररिया के राजद नेता कालो पासवान और सुनीता देवी पर भी शक जताया है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आनन्द कुमार पांडेय सदर अस्पताल पहुँचे। उन्होंने शक्ति के परिजन से बात की। परिजनों ने घटना के संबंध में बात करते हुए सीधे तौर पर तेजस्वी यादव और अनिल साधु का नाम लिया है। परिजनों का आरोप है कि शक्ति को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

बता दें कि बिहार में जब से विधानसभा चुनाव का ऐलान हुआ तब से हत्या की यह कोई पहली वारदात नहीं है। कुछ दिनों पहले भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष राजेश कुमार झा उर्फ राजा बाबू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजेश कुमार झा की पटना में हत्या हुई थी। वह बेउर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेज प्रताप नगर में अपने घर के नज़दीक टहलने के लिए निकले थे, तभी दो पहिया वाहन सवार नकाबपोश अपराधी उनके नज़दीक आए और उनकी कनपटी पर गोली मार दी।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch