Saturday , April 27 2024

पासवान के निधन पर राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत दिग्‍गज सियासी हस्तियों ने जताया शोक

नई दिल्‍ली। लोक जनशक्ति पार्टी (Lok Janshakti Party, LJP) के वरिष्‍ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का गुरुवार को अस्‍पताल में निधन हो गया। वे बीते काफी समय से बीमार थे। हाल ही में उनकी बायपास सर्जरी हुई थी। बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी। उन्‍होंने लिखा, पापा… अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। सियासी हस्तियों ने पासवान के निधन पर शोक संवेदना जताते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया है…

कभी नहीं भरी जा सकेगी यह रिक्‍तता 

प्रधानमंत्री मोदी ने पासवान के निधन पर कहा कि इस दुख को शब्‍दों में बयां नहीं किया जा सकता है। पासवान जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। देश की सियासत में इस रिक्‍तता को कभी नहीं भरा जा सकेगा। मैंने एक दोस्त, मूल्यवान सहयोगी को खो दिया है। पासवान हर गरीब को यह सुनिश्चित करने के लिए उत्‍सुक थे कि वह गरिमामय जीवन बसर करे। प्रधानमंत्री ने कहा कि राम विलास पासवान जी ने दृढ़ संकल्प के साथ से राजनीति में कदम रखा था। एक युवा नेता के रूप में उन्होंने आपातकाल के दौरान अत्याचार और लोकतंत्र पर हमले का विरोध किया था। वह एक उत्कृष्ट सांसद और मंत्री थे जिन्होंने विभिन्‍न नीतिगत क्षेत्रों में बहुमूल्‍य योगदान दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा गरीबों, दलितों एवं वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। उनकी गिनती बिहार की मिट्टी से जुड़े कद्दावर नेताओं में थी और उनके सभी दलों के साथ अच्छे संबंध थे। रामविलासजी के निधन से बिहार राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है। उनके साथ मेरी बहुत अच्छी मित्रता थी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इस दुःख की घड़ी में ईश्वर उनके परिवार एवं समर्थकों को संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति!

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch