Friday , March 29 2024

Dobaaraa Film: अनुराग कश्यप संग ‘दोबारा’ और एकता कपूर के साथ पहली बार तापसी पन्नू कर रहीं फ़िल्म, देखिए टीज़र

नेटफ्लिक्स की फ़िल्म एके वर्सेज़ एके में अनिल कपूर और अनुराग कश्यप ने एक-दूसरे को ख़ूब छकाया था और अब अनुराग कुछ वैसा ही तापसी पन्नू के साथ करने जा रहे हैं। अनुराग ने टीज़र के साथ इस फ़िल्म का एलान किया है। फ़िल्म का शीर्षक दोबारा है। दोबारा थ्रिलर फ़िल्म है, जिसकी कथाभूमि में यूनिवर्स में टाइम ट्रैवल विषय है।

टीज़र में दिखाया गया है कि तापसी अपने घर में फुर्सत में बैठी हैं। एलेक्सा पर मौसम के समाचार चल रहे हैं। तापसी एलेक्सा से कहती हैं कि कोई फ़िल्म लगाये। तभी टीवी स्क्रीन पर स्नूकर खेलते हुए अनुराग एपीयर होते हैं और वो तापसी को फ़िल्म ऑफ़र करते हैं। फ़िल्म टाइम ट्रैवलिंग से संबंधित है। तापसी नाम पूछती हैं तो अनुराग कहते हैं- जो टाइम है, वही नाम है। जो नाम है वही टाइम है। घड़ी 2 जबकर 12 मिनट का टाइम दिखाती है और फ़िल्म का नाम हो जाता है- दोबारा। अनुराग ख़ुद भी इसमें एक्टिंग करते हुए नज़र आएंगे। अनुराग ने टीज़र शेयर करके लिखा- जब आप यूनिवर्स में टाइम ट्रैवल करते हैं तो देखिए क्या होता है। जल्द शूटिंग शुरू होगी।

टीज़र काफ़ी दिलचस्प है और एके वर्सेज़ एके की याद दिलाता है, जो नेटफ्लिक्स पर आयी थी और काफ़ी सराही भी गयी थी। इस रियलिस्टिक थ्रिलर फ़िल्म में अनुराग, अनिल कपूर को फ़िल्म ऑफ़र करते हैं और दोनों के बीच चूहे-बिल्ली का खेल शुरू हो जाता है। दोबारा के टीज़र से कुछ वैसी ही फील आती है। दोबारा का निर्देशन अनुराग ही कर रहे हैं।

फ़िल्म का निर्माण एकता कपूर की कम्पनी कल्ट मूवीज़ करेगी, जिसके तहत एकता अलग किस्म की फ़िल्मों का निर्माण कर रही हैं। एकता और अनुराग इससे पहले उड़ता पंजाब और लुटेरा के लिए साथ आ चुके हैं। सुनीर खेत्रपाल की कंपनी एथेना और गौरव बोस की द वर्मिलियन वर्ल्ड प्रोडक्शन दोबारा के निर्माण से जुड़े हैं।

तापसी पन्नू ने फ़िल्म को लेकर कहा- “यह अपनी तरह की एक अनोखी थ्रिलर होगी। मैं अब तक अपने करियर में थ्रिलर जॉनर के साथ बहुत खुशकिस्मत रही हूं। इस जॉनर के लिए मैं हमेशा बेकरार रहती हूं। मनमर्जियां के बाद यह अनुराग के साथ और बदला के बाद सुनीर के साथ, मेरा दूसरा प्रोजेक्ट है।” तापसी, एकता के साथ पहली बार काम कर रही हैं। अनुराग ने कहा कि इस बार थ्रिलर्स पर एक दिलचस्प नई सोच पेश करने का हमारा इरादा है। तापसी ने अनुराग के निर्देशन में मनमर्ज़ियां की। वहीं, तापसी पन्नू अभिनीत सांड की आंख का अनुराग ने सह-निर्माण किया था।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch