Thursday , March 28 2024

पृथ्वी शॉ ने वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तो तोड़ दिया, लेकिन लिस्ट ए का सबसे बड़ा स्कोर है रोहित शर्मा के नाम

विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट में मुंबई के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का बल्ला जमकर बोल रहा है। अब उन्होंने लीग मुकाबले में पुडुचेरी के खिलाफ नाबाद 227 रन की पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। लिस्ट ए क्रिकेट में ये मुंबई के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर तो रहा ही साथ ही साथ उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। लिस्ट ए क्रिकेट में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए जबकि सहवाग अब चौथे नंबर पर खिसक गए जो पहले तीसरे स्थान पर थे।

पृथ्वी ने तोड़ा सहवाग का रिकॉर्ड पर रोहित शर्मा हैं नंबर वन

पुुुडुचेरी के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने 152 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 227 रन की पारी खेली और इस पारी के अंदर में उन्होंने 5 छक्के व 31 चौके जड़े। अपनी इस पारी के दम पर वो लिस्ट एक क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले तीसरे स्थान पर वीरेंद्र सहवाग थे जिनके नाम पर 219 रन दर्ज थे और अब पृथ्वी की इस पारी के बाद सहवाग खिसककर चौथे स्थान पर आ गए। लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रोहित शर्मा के नाम पर है। रोहित 264 रन के साथ पहले स्थान पर हैं तो वहीं रन के साथ शिखर धवन दूसरे स्थान हैं।

264 रन- रोहित शर्मा (इंडिया)

248 रन- शिखर धवन (इंडिया-ए)

227 रन- पृथ्वी शॉ (मुंबई)

219 रन- वीरेंद्र सहवाग (इंडिया)

मुंबई की पारी

पुडुचेरी के खिलाफ मुंबई की तरफ से कमाल की बल्लेबाजी हुई और इस टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 457 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। पृथ्वी शॉ ने जहां नाबाद 227 रन की पारी खेली तो वहीं सूर्यकुमार यादव ने महज 58 गेंदों पर तूफानी 133 रन की पारी खेली और 4 छक्के व 22 चौके जड़े। वहीं यशस्वी जयसवाल ने 10 रन तो आदित्य तारे ने 56 रन का योगदान दिया।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch