Friday , April 26 2024

योगी आदित्यनाथ और मायावती ने पूर्व CM को श्रद्धांजलि दी, थोड़ी देर में लखनऊ पहुंचेंगे PM मोदी और राजनाथ सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (बाबू जी) नहीं रहे। शनिवार की रात 9 बजे उन्होंने 89 साल की उम्र में लखनऊ के SGPGI में आखिरी सांस ली। कल्याण सिंह 48 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। लखनऊ में उनके अंतिम दर्शन के लिए भीड़ उमड़ने लगी है। अभी उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर है। यहां से 11 बजे सड़क मार्ग से होते हुए विधानमंडल ले जाया जाएगा, जहां पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन किया। मायावती ने यहां पूर्व सीएम के पौत्र से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लखनऊ आ रहे हैं।

9:30 बजे पीएम मोदी आएंगे

BSP चीफ मायावती ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
BSP चीफ मायावती ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

लखनऊ के कमिश्नर ने बताया कि पूर्व सीएम कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9:30 बजे लखनऊ आएंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे कल्याण सिंह के आवास पहुंचेंगे और यहां श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ आने की जानकारी ट्विट करके दी।

आज ही गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती, भाजपा नेता विनय कटियार, जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी पूर्व सीएम कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आज लखनऊ आ सकते हैं। इस बीच, चर्चा ये भी है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देने के लिए आ सकते हैं। हालांकि, अभी उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले 9.30 बजे अंतिम दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

LIVE UPDATES

  • थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। प्रधानमंत्री सीधा कल्याण सिंह के आवास पहुंचेंगे।
  • सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।
  • प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, बदायूं सांसद संघमित्रा मौर्य ने भी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा उनके आवास पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम के परिवार से बात करके शोक व्यक्त किया।
  • कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर सुबह से भीड़ जुटने लगी है। ACS होम अवनीश अवस्थी खुद यहां की व्यवस्था को देख रहे है।
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी श्रद्धांजलि दी।
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्वाति सिंह ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्वाति सिंह ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक ने श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक ने श्रद्धांजलि दी।

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन का कार्यक्रम

  • रविवार सुबह 9 से 11 बजे तक लखनऊ स्थित आवास पर पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन।
  • 11 बजे से 1 बजे तक विधानमंडल में अंतिम दर्शन।
  • करीब दोपहर 1 से 3 बजे तक पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन।
  • देर शाम एयर एंबुलेंस से पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा। रात भर पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
  • 23 अगस्त यानी सोमवार सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार होगा।
अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोग।
अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोग।

तीन दिन का राजकीय शोक, कल सारे स्कूल-कॉलेज कार्यालय बंद रहेंगे
कल्याण सिंह के निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सोमवार को सार्वजनिक अवकाश का भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है। मतलब सोमवार को प्रदेश के सारे सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे। भाजपा के जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएंगी।

कल्याण सिंह को किसने कैसे याद किया?
कल्याण सिंह के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत देश और प्रदेश के कई राजनीतिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- महान इंसान थे कल्याण सिंह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल्याण सिंह जी…राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। वो जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति!

आगे पीएम ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में कल्याण सिंह जी ने अहम भूमिका निभाई। देश की हर पीढ़ी इसके लिए उनकी आभारी रहेगी। भारतीय मूल्यों में वे रचे-बसे थे और अपनी सदियों पुरानी परंपरा को लेकर उन्हें गर्व था। कल्याण सिंह जी समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों की आवाज थे। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनगिनत प्रयास किए। उनका समर्पण और सेवाभाव लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- राम के लिए सत्ता छोड़ दी

सीएम योगी आदित्यनाथ और BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम योगी आदित्यनाथ और BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘हम सब के लिए यह दुखद समाचार है। कल्याण सिंह जी हमारे बीच नही रहे। पिछले दो माह से वो अस्वस्थ थे। उपचार चल रहा था। आज करीब सवा 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने शासन में अपने कार्यकाल के दौरान जो निर्णय लिए वो आज भी मानक बने हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के आंदोलन के लिए यदि सत्ता छोड़नी पड़ी तो उन्होंने तत्काल पद से इस्तीफा दिया। कल्याण सिंह जी का जाना ना सिर्फ समाज के लिए बल्कि भारतीय जनता पार्टी के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।’

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch