Friday , April 19 2024

मालीवाल का स्टिंग फेक? BJP ने कहा- यह दिल्ली को बदनाम करने की साजिश, LG से सस्पेंड करने की मांग

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने शनिवार को दिल्ली महिला आयोग (Delhi Commission for Women, DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल को निलंबित करने की मांग की। भाजपा ने कहा कि मालीवाल के साथ हुई कथित छेड़छाड़ के आरोपों की निष्पक्ष पुलिस जांच के लिए उनका निलंबन जरूरी है। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को इस बारे में पत्र लिखा है। कपूर ने पत्र में उपराज्यपाल से 19 जनवरी को मालीवाल के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटना की जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित किए जाने का अनुरोध किया है। प्रवीण कपूर का कहना है कि रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि DCW प्रमुख के साथ छेड़छाड़ करने वाला व्यक्ति आम आदमी पार्टी (आप) का कार्यकर्ता था।

कपूर ने अपने पत्र में लिखा है कि घटना की जांच पूरी होने तक डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष के पद से मालीवाल को निलंबित किया जाए ताकि वह जांच को ‘प्रभावित’ करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग न कर सकें। भाजपा ने शुक्रवार को डीसीडब्ल्यू प्रमुख मालीवाल के छेड़छाड़ के दावों पर भी सवाल उठाया था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि जिस व्यक्ति पर मालीवाल ने आरोप लगाया है वह आप सदस्य है। कपूर ने आरोप लगाया कि छेड़छाड़ करने वाले के आम आदमी पार्टी से संबंध का खुलासा करने वाले घटनाक्रम से इस बात की आशंका बन गई है कि स्वाति मालीवाल अपने संवैधानिक पद का इस्तेमाल कर मामले की जांच को प्रभावित करने की पूरी कोशिश करेंगी।
BJP सांसद मनोज तिवारी ने मालीवाल के स्टिंग को फर्जी बताया था। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें हरीश चंद्र सूर्यवंशी को आम आदमी पार्टी के विधायक के साथ पोज देते हुए दिखाया गया है।बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने ट्वीट कर कहा था कि मालीवाल के ‘नाटक’ का पर्दाफाश हो गया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस को बदनाम करने के लिए नाटक किया था। भाजपा के तीखे हमलों के बीच स्वाति मालीवाल ने कहा है कि जिन्हें लगता है मेरे बारे में झूठी बातें कर के मुझे डरा देंगे उनको बता दूं मैंने सर पर कफन बांध इस छोटी सी जिंदगी में बहुत बड़े काम किए हैं। कोई भी मेरी आवाज को दबा नहीं सकता है। मैं जब तक जिंदा हूं लड़ती रहूंगी।

वहीं केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने स्वाति मालीवाल से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर एक नया दावा किया। उन्होंने कहा कि मालीवाल के आरोप राष्ट्रीय राजधानी को बदनाम करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की साजिश का हिस्सा हैं। इसी के साथ लेखी भी इस मामले को लेकर ‘आप’ पर हमला बोलने वाले भाजपा नेताओं की सूची में शामिल हो गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह दिल्ली को बदनाम और बर्बाद करने के लिए किस हद तक जाएंगे। लेखी ने दावा किया कि जिस व्यक्ति पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है, वह ‘आप’ सदस्य है। आरोप दिल्ली को बदनाम करने की साजिश के तहत लगाए गए हैं।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि ‘आप’ सरकार द्वारा नियुक्त मालीवाल ने केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस को निशाना बनाने के लिए जानबूझकर इस घटना की पृष्ठभूमि तैयार की। मालीवाल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बाहर नशे में धुत एक कार सवार ने उनके साथ छेड़छाड़ की और फिर उन्हें अपनी गाड़ी से 10 से 15 मीटर तक घसीटा। मालीवाल का दावा है कि गाड़ी की खिड़की में उनका हाथ फंस गया था। इस दौरान वाहन चालक ने कार आगे बढ़ा दी। इस मामले में 47 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। भाजपा नेता मनोज तिवारी, शाजिया इल्मी और वीरेंद्र सचदेवा ने आरोपी के ‘आप’ से कथित रूप से संबंधित होने को लेकर पार्टी पर निशाना साधा था।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch