Friday , April 26 2024

जॉब दिलाने का लालच देकर गुरुग्राम के मॉल में महिला इंजीनियर से रेप, पानी में मिलाया नशीला पदार्थ

गुरुग्राम। गुरुग्राम के एक मॉल में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 27 साल की इस महिला को मॉल के कार पार्किंग में लाया गया और फिर वहां उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इंजीनियरिंग ग्रेजुएट युवती को आरोपी ने जॉब दिलाने के बहाने बुलाया था। साक्षात्कार का लालच देकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। बताया जा रहा है कि महिला को नशीला पेय पदार्थ पानी में मिलाकर दिया गया था।

इस मामले में महिला थाने में जो शिकायत दर्ज करवाई गई है उसमें पीड़िता ने बताया है कि वो ऑनलाइन जॉब की तलाश कर रही थीं। इसी दौरान वो तुषार शर्मा नाम के एक युवक के संपर्क में आई थीं। तुषार ने उन्हें नौकरी दिलाने का वादा किया था। बीते शनिवार को तुषार ने उन्हें फोन कर बताया कि सहारा मॉल में एक साक्षात्कार होना है। महिला दोपहर करीब 1 बजे मॉल में पहुंची थीं। यहां महिला की मुलाकात तुषार से हुई। वो महिला को मॉल के बेसमेंट में ले गया।

यहां आरोपी ने महिला को पीने के लिए पानी दिया। पानी पीने के बाद महिला बेहोश होने लगीं। महिला ने आपबीती बताते हुए कहा कि तुषार ने इसके बाद उन्हें अपनी कार में बैठाया और उनके साथ दुष्कर्म किया। उसने उन्हें धमकी भी दी कि अगर उन्होंने किसी से यह बात कही तो वो उन्हें जान से मार डालेगा। इसके बाद वो उन्हें वहां छोड़ कर चला गया।
साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch