Monday , April 29 2024

देवरिया हत्याकांड में 16 गिरफ्तार, अवैध कब्जे पर गरजेगा बुलडोजर; तीन मकान चिह्नित

देवरिया/लखनऊ। उप्र के देवरिया जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार को हुए सामूहिक नरसंहार के 16 नामजद आरोपितों को पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभी 11 आरोपितों की गिरफ्तारी बाकी है।

फतेहपुर गांव पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने खलिहान, परती और ग्राम समाज की भूमि के साथ नामजद हत्यारोपितों के मकान की भी पैमाइश की। 10 घंटे चली नाप-जोख के दौरान कई जगह अवैध निमाण मिले, जहां अब बुलडोजर चलाने की तैयारी है। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई का डर इस कदर व्याप्त है कि फतेहपुर व आसपास के चार गांवों में उपद्रवी घर छोड़कर फरार हैं।

जमीन को लेकर हुआ था विवाद

फतेहपुर गांव में सत्यप्रकाश दुबे और पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के बीच जमीन का विवाद था। सोमवार सुबह सात बजे प्रेमचंद यादव की हत्या हो गई। प्रेमचंद पक्ष के लोगों ने आधे घंटे के भीतर सत्यप्रकाश के घर धावा बोला। सत्यप्रकाश, उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे की लाठी-डंडे, धारदार हथियार से वार करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह से लेकर स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था तक हेलीकाप्टर से देवरिया पहुंचे और घटना के कारणों की बिंदुवार समीक्षा की। पुलिस टीम ने मंगलवार को प्रेमचंद के भाई, भतीजे, परिवार, रिश्तेदारी के 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह सभी उन 27 नामजद में शामिल हैं, जिनके विरुद्ध सत्यप्रकाश की बेटी शोभिता ने मुकदमा दर्ज कराया है।

हत्या में इस्तेमाल लाठी, डंडे व फावड़े की बरामदगी कर पुलिस ने सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया। सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने किसी भी आरोपित की कस्टडी रिमांड नहीं मांगी।

चिह्नित किए अवैध निर्माण

देवरिया सदर की अतिरिक्त उप जिलाधिकारी सीमा पांडे की अगुवाई में प्रशासन की टीम सुबह 10 बजे तक फतेहपुर के अभयपुर टोला पहुंच गई। प्रेमचंद यादव के मकान का सीमांकन करने के साथ मकान की स्थिति देखी। खसरा, खतौनी में उसके नाम के साथ मानचित्र से मिलान कराया। सूत्रों के अनुसार यहां अवैध कब्जा मिला है।

प्रेमचंद के अलावा गिरफ्तार 15 हत्यारोपितों के आवासीय भूमि के साथ-साथ ग्राम समाज की अन्य भूमियों की भी पैमाइश हुई जो लगभग 10 घंटे चली। तीन जगह अवैध निर्माण चिह्नित हुए हैं, जहां प्रशासन की टीम बुधवार को बुलडोजर चला सकती है।

देवरिया जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के अलावा अन्य 16 आरोपितों के भूमि की पैमाइश की गई है। जिसमें ग्राम पंचायत की परती, व खलिहान की भूमि के अलावा आवासीय भवन की पैमाइश कराने के लिए टीम लगाई गई थी। पैमाइश का काम जारी है। रिपोर्ट मिलने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch