Monday , April 29 2024

खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताने वाला NSUI नेता ने किया युवती का बलात्कार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ रेप आरोपित निखिल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कॉन्ग्रेस के छात्र संगठन NSUI के प्रदेश सचिव निखिल बघेल पर एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपित कैफे ले जाने के बहाने उसे अपने घर ले गया और बलात्कार किया। रिपोर्टों के अनुसार आरोपित खुद को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताता है। दोनों की साथ की कई तस्वीरें भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार NSUI के प्रदेश सचिव निखिल बघेल के विरुद्ध रायपुर के डीडीनगर थाने में एक 20 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता BBA की पढ़ाई करती है और NEET की तैयारी में जुटी हुई है। उसने बताया है कि आरोपित निखिल बघेल से उसका परिचय एक माह पहले इन्स्टाग्राम के माध्यम से हुआ था।

युवती के अनुसार जान-पहचान होने के बाद निखिल रायपुर की उसी जिम में आने लगा जिसमें युवती भी जाती थी। कथित तौर पर 1 फरवरी 2024 को निखिल बघेल ने उसे व्हाट्सएप पर मैसेज कर जिम के बाहर बुलाया और कैफे ले जाने की जिद करने लगा। रायपुर के सुंदरनगर में आरोपित का खुद का कैफे है।

आरोपों के अनुसार जब युवती कैफे जाने को राजी हो गई तो निखिल ने उसे अपने घर चलने को मनाया। युवती से यह भी कहा कि उसकी माँ भी घर पर ही हैं। लेकिन जब युवती उसके घर पहुँची तो वहाँ कोई नहीं था। इसके बाद आरोपित निखिल बघेल उसको अपने बेडरूम में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती से निखिल बघेल ने बाद में शादी का वादा भी किया। लेकिन, युवती ने 3 फरवरी को उसके खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया।

निखिल बघेल ने आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि युवती ब्लैकमेल कर रही है। कथित तौर पर युवती ने उससे शादी करने को कहा और मना करने पर धमकियाँ देने लगी। यह भी कहा जा रहा है कि पिछले साल इसी युवती ने रायपुर के एक डॉक्टर के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था।

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि निखिल बघेल खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा भी बताता है। उसके कैफे का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2018 में किया था। उद्धघाटन की तस्वीरों में वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ नजर आ रहा है। यह कैफे रायपुर में ‘द बज’ नाम से है।

 

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch