Sunday , May 12 2024

सोनिया गांधी और जेपी नड्डा सहित राज्यसभा के लिए 41 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, कौन कहां से बना सांसद

सोनिया गांधी और जेपी नड्डा सहित राज्यसभा के लिए 41 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, कौन कहां से बना सांसदकांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत 41 प्रत्याशी मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इन सभी का कार्यकाल वर्ष 2030 तक होगा। सोनिया गांधी तथा भाजपा के चुन्नी लाल गरासिया और मदन राठौड़ राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों को गुजरात से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नड्डा के अलावा, राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए तीन अन्य उम्मीदवार हीरा कारोबारी गोविंदभाई ढोलकिया, भाजपा नेता जसवंत सिंह परमार और मयंक नायक हैं।

बिहार से संजय झा और मनोज झा बने सांसद
बिहार से भी राज्यसभा के लिए सभी छह प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इनमें जदयू के संजय कुमार झा, भाजपा के डॉ. भीम सिंह व धर्मशीला गुप्ता, राजद के मनोज झा और संजय यादव के साथ-साथ कांग्रेस के डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह शामिल हैं।

महाराष्ट्र में निर्विरोध चुने गए सभी सांसद
महाराष्ट्र से भी सभी छह उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इनमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण भी शामिल हैं। इनके अलावा भाजपा के तीन, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और एनसीपी का एक-एक प्रत्याशी शामिल है। विपक्षी कांग्रेस ने एक उम्मीदवार खड़ा किया था। निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए भाजपा उम्मीदवारों में चव्हाण, पूर्व विधायक मेधा कुलकर्णी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता अजित गोपछडे शामिल हैं।

एमपी और ओडिशा में भी चुनाव नहीं
मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और भाजपा के तीन अन्य प्रत्याशी सहित सभी पांच उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचित होने वालों में केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और भाजपा के तीन अन्य तथा कांग्रेस का एक उम्मीदवार शामिल है। वहीं, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं बीजू जनता दल (बीजद) के देबाशीष सामंतराय और सुभाशीष खुंटिया मंगलवार को ओडिशा से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए।

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव के लिए सभी पांच उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसमें चार प्रत्याशी सत्तारूढ़ टीएमसी से और एक भाजपा से हैं। इसके अलावा उत्तराखंड से भाजपा प्रदेश इकाई के प्रमुख महेंद्र भट्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए। छत्तीसगढ़ के सत्ताधारी दल भाजपा के उम्मीदवार देवेंद्र प्रताप सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

आपको बता दें कि राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2024 में विभिन्न राज्यों की खाली हुईं 56 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch