Friday , March 29 2024

मोदी बोले- 3 शब्दों से कांग्रेस का अहंकार समझा जा सकता है, उनके लिए जिंदगी का कोई मोल नहीं

रोहतक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के रोहतक में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि 3 शब्दों से कांग्रेस का अहंकार समझा जा सकता है। उनके (कांग्रेस) लिए जीवन का कोई मूल्य नहीं है। गुरुवार को पित्रोदा ने कहा था कि 1984 में दंगे हुए तो हुए। मोदी आज हिमाचल प्रदेश के मंडी और पंजाब के होशियारपुर में भी सभाएं करेंगे।

‘कांग्रेस गरीबों की मलाई खाती रही’
मोदी ने कहा, ‘‘आपको कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस ने 70 साल तक कैसे देश चलाया है। उनके दिमाग और खोपड़ी में क्या भरा है, सिर्फ तीन शब्दों में समेट दिया है। भ्रष्टाचार और कालाधन मुख्यधारा बन गया और कांग्रेस गरीबों की मलाई खाती रही। देश पर सबसे ज्यादा समय तक राज करने वाली कांग्रेस कितनी संवेदनहीन है। ये तीन शब्दों से समझा जा सकता है। वे शब्द हैं- हुआ तो हुआ। कांग्रेस का अहंकार इन्हीं तीन शब्दों से समझ सकते हैं। कल उनके एक बड़े नेता ने कहा कि 1984 का दंगा हुआ तो हुआ। ये नेता गांधी परिवार के सबसे करीबी है।”

‘‘ये नेता राजीव गांधी के सबसे अच्छे दोस्त और कांग्रेस के नामदार के गुरु हैं। उनके लिए इंसान इंसान नहीं, जीवन का मूल्य नहीं। 1984 के सिख दंगों में हजारों सिख भाइयों की जान गई, लेकिन आज कांग्रेस कह रही है कि हुआ तो हुआ। दिल्ली में सिखों को आग लगा दी गई, उन्हें घरों से निकालकर मारा गया। उनकी दुकानें जला दी गईं। कई राज्यों में सिखों को निशाना बनाया गया। कांग्रेस के नेता कहते हैं- हुआ तो हुआ। हरियाणा की जनता इसका जवाब देगी।’’

‘नामदार के रिश्तेदार ने हरियाणा में गुल खिलाए’
प्रधानमंत्री के मुताबिक, ‘‘कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही उनका संस्कार है। रोहतक की रेवड़ियां मुझे पसंद है, कुछ दोस्त मुझे गुजरात भेजते थे। लेकिन कांग्रेस ने यहां की नौकरियां खा लीं। मनोहरलाल खट्टर ने इसे बंद किया। नामदार के रिश्तेदार (रॉबर्ट वाड्रा) ने यहां के पूर्व सीएम के साथ मिलकर क्या-क्या गुल खिलाए। किसानों की जमीन हड़प ली और नोटों की खेती की। 5 साल का मौका दीजिए, देश को लूटने वाले जेल में होंगे।”

‘आतंकियों को घर में घुसकर मारते हैं’

”कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंकियों के हमले झेलती और रोती रही। हमने सेना को खुली छूट दी है कि हम पर हमले का पूरी ताकत से जवाब दो। आप गोली चलाओगे तो चौकीदार गोला चलाएगा। आतंकियों को छिपाओगे तो हम घुसकर मारेंगे। आतंकियों के हौसले कितने भी बुलंद हों, हम उनके घर में घुसकर मारते हैं और दुनिया हमारे साथ खड़ी है। पाकिस्तान अकेला पड़ गया है।”

रोहतक, मंडी और होशियारपुर का गणित

रोहतक सीट पर भाजपा ने अरविंद शर्मा को उतारा है। उनका सामना भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के बेटे दीपेंद्र से है। रोहतक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र जीते थे। भाजपा के ओमप्रकाश धनखड़ दूसरे नंबर पर रहे थे।

मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा और भाजपा से रामस्वरूप शर्मा मैदान में हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने कांग्रेस से लगातार दो बार सांसद रहीं प्रतिभा सिंह को 39 हजार वोटों से हराया था।

होशियारपुर लोकसभा सीट से भाजपा-शिअद गठबंधन के प्रत्याशी सोम प्रकाश चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने राजकुमार चब्बेवाल को टिकट दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में होशियारपुर सीट से भाजपा के प्रत्याशी विजय सांपला ने कांग्रेस के मोहिंदर सिंह को 13582 वोटों से हराया था।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch