Sunday , May 5 2024

Netflix पर आएगी जाह्नवी कपूर की ‘गुंजन सक्सेना’, वीडियो में दिखी असली कारगिल गर्ल की झलक

जैसे कि कयास लगाये जा रहे थे, करण जौहर की फ़िल्म गुंजन सक्सेना नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की जाएगी। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने इसका एलान कर दिया है। हालांकि रिलीज़ डेट अभी घोषित नहीं की गयी है।

नेटफ्लिक्स ने फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा है- एक असाधारण लड़की, असाधारण यात्रा, गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल आ रही है। जल्द ही। गुंजन सक्सेना भारतीय वायु सेना की पायलट गुंजन सक्सेना की बायोपिक है। इस किरदार को जाह्नवी कपूर ने निभाया है। गुंजन के पिता के किरदार में पंकज त्रिपाठी हैं। फ़िल्म का निर्देशन शरण शर्मा ने किया है।

307 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं

नेटफ्लिक्स ने गुंजन सक्सेना का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें गुंजन की ज़िंदगी की झलकियां हैं। जाह्नवी कपूर का वॉयस ओवर है। तस्वीरों के ज़रिए गुंजन को इंट्रोड्यूस किया गया है। गुंजन भारतीय एयरफोर्स की पहली महिला पायलट थीं, जिन्हें कारगिल युद्ध के दौरान जंग के बीच भेजा गया था।

इसी वीडियो में जाह्नवी फ़िल्म के नेटफ्लिक्स पर आने का एलान भी करती हैं। इस वीडियो के साथ लिखा है- प्लेन लड़का उड़ाये या लड़की, उसे पायलट की कहते हैं- गुंजन सक्सेना, द कारगिल गर्ल आ रही है।

जाह्नवी की यह दूसरी थिएटर रिलीज़ फ़िल्म होती। उन्होंने 2018 की फ़िल्म धड़क से बॉलीवुड डेब्यू किया था। धड़क मराठी हिट सैराट की रीमेक थी। जाह्नवी इससे पहले नेटफ्लिक्स की फ़िल्म घोस्ट स्टोरीज़ की एक कहानी में फीचर हो चुकी हैं। इस कहानी का निर्देशन करण जौहर ने किया था। वहीं, अंग्रेज़ी मीडियम के एक गाने में भी जाह्नवी कपूर नज़र आयी थीं।

कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते सिनेमाघर बंद होने की वजह से ऐसी कई फ़िल्मों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म का रुख़ किया है, सिनेमाघरों के लिए बनायी गयी थीं। नेटफ्लिक्स से पहले अमेज़न प्राइम गुलाबो सिताबो और शकुंतला देवी को अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने का एलान कर चुका है। वहीं अक्षय कुमार की लक्ष्मी बम के भी ओटीटी पर रिलीज़ होने की रिपोर्ट्स आयी हैं। आने वाले वक़्त में कई और फ़िल्में दर्शकों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखने को मिल सकती हैं।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch