Saturday , April 20 2024

CM हिमंत बिस्वा सरमा सहित असम के 207 पुलिस-प्रशासनिक लोगों पर मिजोरम में FIR, सीमा पर अब भी फोर्स तैनात

असम-मिजोरम सीमा पर हिंसक झड़प को लेकर दोनों राज्यों में तनाव जारी है। इसी बीच खबर है कि मिजोरम पुलिस ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ 26 जुलाई को अंतरराज्यीय सीमा पर हुई झड़पों पर हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश के आरोप के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला मिजोरम के कोलासिब में दर्ज किया गया है। इसके अलावा मिजोरम के 6 अन्य अधिकारियों पर मामला दर्ज कर किया गया है।

मिजोरम पुलिस ने हिमंता बिस्वा सरमा के अलावा असम पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों, दो नौकरशाह के नाम भी एफआईआर में शामिल किए हैं। वहीं, 200 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

मिजोरम पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपितों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत शस्त्र अधिनियम, मिजोरम रोकथाम और कोविड-19 अधिनियम 2020 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर में मिजोरम पुलिस ने कहा, “हथियारों से लैस 200 असम पुलिसकर्मियों ने आईजीपी के नेतृत्व में उनके 20 पुलिस अधिकारियों पर हमला किया। वहीं हमारी पुलिस कैंप को आरक्षित वन की जमीन पर अतिक्रमण बताते हुए जबरन कब्जा करने की कोशिश की।”

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में असम पुलिस ने भी मिजोरम के 6 अधिकारियों को समन भेजकर सभी को 2 अगस्त को ढोलाई पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा है। बताया जा रहा है कि असम पुलिस ने मिजोरम पुलिस के डिप्टी कमिश्नर और एसपी रैंक के अधिकारियों को समन भेजा है। उधर, मिजोरम पुलिस ने असम के अफसरों को समन भेजकर 1 अगस्त तक पुलिस के सामने पेश होने को कहा है।

गौरतलब है कि सोमवार (26 जुलाई) को असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो जाने से असम पुलिस के 6 जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 50 अन्य घायल हो गए थे।

मिजोरम के सीएम जोरमथांगा और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए पुलिस और नागरिकों के बीच झड़प का एक वीड‍ियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया था। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गृहमंत्री से इस मामले पर तुरंत कार्रवाई करने की माँग की थी।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch