Monday , April 29 2024

सीरियल किलर निकली 22 साल की वैज्ञानिक, पांच लोगों की हत्या के तरीके से पुलिस भी हैरान

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। पिता की मौत का बदला लेने के लिए अपने पति सहित ससुराल के चार लोगों की हत्या कर दी। हत्या का तरीका भी चौकाने वाला है, जिसे देखकर आम आदमी के साथ-साथ पुलिस के भी होश उड़ गए। वैवाहिक जीवन से कथित तौर पर परेशान एक महिला ने घटना को अंजाम देने के लिए ऐसे केमिकल का इस्तेमाल किया था, जिसका ना तो कोई रंग होता है, ना कोई स्वाद होता है और न ही कोई गंध होता है। केमिस्ट्री की भाषा में इसे जहरों का जहर कहा जाता है।

आरोपी महिला अपने पिता की मौत का जिम्मेदार ससुराल वालों को मान रही थी। आरोपी महिला का नाम संघमित्रा बताया जा रहा है। साथ ही यह भी जानकारी मिल रही है कि इस घटना में महिला ने अपनी एक मित्र को भी शामिल किया था, जिसका नाम रोजा राम टेके बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस 22 साल की कृषि वैज्ञानिक महिला का वैवाहिक जीवन अच्छा नहीं चल रहा था। इस अनबन से परेशान संघमित्रा के पिता ने 5 महीने पहले महाराष्ट्र का अकोला स्थित अपने घर पर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद से ही महिला इस मौत का जिम्मेवार ससुराल वालों को मान रही थी।

सहेली रोजा की मदद से दिया वारदात को अंजाम

आरोपी महिला ने बदला लेने के लिए वैज्ञानिक रिसर्च कर इस बारे में पता लगाया कि कौन सा जहर का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया जाए, जिससे सुरक्षा एजेंसी को भी कुछ पता नहीं चले। इसी क्रम में उसे सबसे घातक केमिकल थैलियम के बारे में जानकारी मिली, जिसे उसने इस्तेमाल किया। इसके बाद उसने गढ़चिरौली जोकि महाराष्ट्र का उग्रवाद प्रभावित जिला है, के एक अज्ञात आदिवासी गांव में अपनी सहेली रोजा की मदद से पति और चार ससुराल वालों को एक-एक कर इस घातक जहरीले कैमिकल थैलियम को इंजेक्ट किया।

मौत की वजह को लेकर डॉक्टर भी हैरान

गौरतलब हैकि उसने एक ही दिन में इन घटनाओं को अंजाम नहीं दिया, बल्कि इसके लिए उसने कुल 20 दिन लिए। उसके ससुराल वालों की मौत का सिलसिला 20 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच जारी रहा। शुरुआत में जब ऐसी घटना हुई तो डॉक्टर भी हैरान थे, क्योंकि मौत का असली कारण नहीं पता चल पा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में इस जहरीले कैमिकल की मौजूदगी के बाद इस मामले की जांच और गहन तथा तेज हुई। एक-एक कर ऐसी घटना की व्यापक जांच की गई तब जाकर थैलियम के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस भी रह गई हैरान

इस घटना के अंजाम देने के तरीके को देख पुलिस भी हैरान रह गई है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ किया तो उसने अपराध कबूल कर लिए। साथ ही पुलिस की पूछताछ में पूरे मामले की जानकारी दी और यह भी खुलासा किया कि घटना में कैसे उसकी सहेली और रिश्तेदार पूजा ने भी साथ दिया था। दोनों को गिरफ्तार कर हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch