Tuesday , May 7 2024

गोवा से कांग्रेस के दो विधायक दिल्‍ली रवाना, हो सकते हैं भाजपा में शामिल

नई दिल्‍ली। कांग्रेस को गोवा में बड़ा झटका लग सकता है। गोवा में सरकार बनाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस पार्टी के दो विधायक दयानंद सोपटे और सुभाष शिरोडकर सोमवार की रात दिल्‍ली के लिए रवाना हो गए। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के ये विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। भाजपा के एक वरिष्‍ठ नेता ने बताया कि दयानंद और सुभाष आज दिल्‍ली में अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।

रविवार को मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर को भी एम्‍स से छुट्टी मिल गई और वह गोवा पहुंच गए। इसके बाद उन्‍होंने विधायकों के साथ एक बैठक की। इसके बाद ही कांग्रेस के दो विधायक गोवा से दिल्‍ली के लिए रवाना हो गए। भाजपा नेता ने बताया, ‘कांग्रेस के दोनों विधायक मंगलवार को अपनी पार्टी छोड़ने की घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही वह भाजपा में शामिल होने का भी एलान कर सकते हैं।’

हालांकि दोनों नेताओं का कहना है कि उनकी दिल्‍ली यात्रा से राजनीति का कोई लेना-देना नहीं है। सोमवार को दिन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में दयानंद सोपटे और सुभाष शिरोडकर नहीं पहुंचे थे। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गिरीश ने आरोप लगाया था कि भाजपा उनके विधायकों को खरीद रही है। गोवा विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास 16 विधायक हैं। पर्रीकर सरकार को 23 विधायकों का समर्थन हासिल है। राज्य में भाजपा ने 14 सीटों पर जीत हासिल की हैं।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch