Tuesday , May 7 2024

जानबूझकर हुई गड़बड़ी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई; सासाराम-बिहारशरीफ बवाल पर बोले नीतीश कुमार

जानबूझकर हुई गड़बड़ी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई; सासाराम-बिहारशरीफ बवाल पर बोले नीतीश कुमार पटना। रामनवमी के बाद शोभायात्रा के दौरान सासाराम-बिहारशरीफ में शुक्रवार को हुए उपद्रव पर सीएम नीतीश कुमार ने सख्ती दिखाते हुए कहा कि इस मामले में एक-एक पहलू की जांच हो रही है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। जानबूझकर गड़बड़ी की गई है। मुख्यमंत्री नीतीश ने ये बयान बिहार लोक सेवा आयोग के कार्यक्रम में दिया। सासाराम-बिहारशरीफ में हुए उपद्रव में 18 लोग जख्मी हुए थे। दोनों घटनाओं में पत्थरबाजी, आगजनी और घरों पर हमले किए गए थे। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पाया। दोनों शहरों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं। धारा 144 लगा दी गई है। सासाराम में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

सासाराम में हुए उपद्रव में 12 लोग घायल
सासाराम में गुरुवार देर रात हुए विवाद के खुन्नस में शुक्रवार की सुबह 10 बजे दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इसके बाद कई दुकानों में उपद्रवियों ने क्षति पहुंचाई। घटना नवरत्न बाजार से शुरू हुई, जो कई मोहल्लों में फैल गई। पथराव में 12 लोग घायल हो गए। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। उपदव्रियों ने छिटपुट आगजनी भी की। इस दौरान घायल एक सिपाही व एक मोहल्लेवासी को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

बिहारशरीफ में 6 लोग हुए घायल
वहीं बिहारशरीफ के गगनदीवान मोहल्ले के पास दो गुटों में रोड़ेबाजी और फायरिंग हुई। इसमें छह युवक जख्मी व कुछ चोटिल हुए हैं। इससे गुस्सायी भीड़ ने वाहनों व दुकानों को क्षति पहुंचाई। छिटपुट आगजनी भी की। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाया। इसके बाद स्थिति काबू में आई।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch