Wednesday , April 24 2024

अशोक गहलोत ने बुलाई विधायकों की मीटिंग, अध्यक्ष चुनाव से पहले जमा रहे फील्डिंग

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कमर कसते दिखाई दे रहे हैं। गहलोत ने आज देर रात राजस्थान के सभी कांग्रेस विधायकों की मीटिंग बुलाई है। वहीं बुधवार सुबह उनके दिल्ली दौरे के बारे में जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। माना जा रहा है कि अध्यक्ष चुनाव से पहले वह फील्डिंग जमाने में लग गए हैं। अशोक गहलोत के 25 से 28 सितंबर तक वह दिल्ली में मौजूद रहने का अनुमान है।

मायने रखता है दिल्ली दौरा
बताया जाता है कि दिल्ली में अशोक गहलोत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इससे पहले उन्होंने आज रात अपने निवास पर प्रदेश के सभी विधायकों को बैठक के लिए बुलाया है। अनुमान है कि इस दौरान वह विधायकों को अपनी दिल्ली यात्रा और इससे जुड़े डेवलपमेंट्स के बारे में जानकारी देंगे। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में अशोक गहलोत आगे बताया जा रहा है। ऐसे में उनका यह दिल्ली दौरा काफी मायने रखता है।

अभी नहीं बताया गया है अजेंडा
वहीं विधायक दल की बैठक को लेकर एक कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह मीटिंग रात दस बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। हालांकि इसका अजेंडा क्या होगा यह अभी स्पष्ट नहीं है। इस कैबिनेट मंत्री को शाम को इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सीएम आवास पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के लिए डिनर का आयोजन किया गया है। इसके बाद विधायकों की मीटिंग होनी तय है।

नामांकन करके लौटेंगे वापस?

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक अशोक गहलोत बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं। यहां से वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए केरल पहुंच सकते हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले वरिष्ठ नेता ने बताया कि गहलोत 24 सितंबर को नई दिल्ली लौटेंगे और 28 सितंबर तक वहां रहेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं।

शशि थरूर से होगा मुकाबला?
कांग्रेस अध्यक्ष के लिए चुनाव की तारीखें करीब आने के साथ अशोक गहलोत की सक्रियता काफी मायने रखती है। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच मुकाबला माना जा रहा है। कल शशि थरूर ने पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान सोनिया ने स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से होंगे। पार्टी ऑफिशियल कैंडिडेट नहीं उतारेगी।

19 अक्टूबर को आएगा परिणाम
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो रही है। इसके लिए 30 सितंबर तक नामांकन दाखिल होंगे। अगर अध्यक्ष पद के लिए दो या उससे ज्यादा उम्मीदवारों द्वारा नामांकन किया जाता है तो 17 अक्बूटर को मतदान होगा। 19 अक्टूबर को कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव का परिणाम सामने आ जाएगा।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch