Saturday , May 18 2024

राष्ट्रपति शासन की धमकी मत दीजिए, राजभवन को राजाभवन मत बनाइए; पंजाब गवर्नर की चेतावनी पर भड़के AAP सांसद

राष्ट्रपति शासन की धमकी मत दीजिए, राजभवन को राजाभवन मत बनाइए; पंजाब गवर्नर की चेतावनी पर भड़के AAP सांसदपंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच तनातनी और राज्यपाल की और से पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू करने की दो टूक चेतावनी देने पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर पलटवार किया है। संजय सिंह ने ट्वीट में लिखा है कि मोदी जी मणिपुर और मेवात को देखिए। पंजाब को बदनाम मत कीजिए। आप पंजाब में राष्ट्रपति शासन की धमकी मत दीजिए। राजभवन को राजा भवन मत बनाइए। देश में लोकतंत्र है राजतंत्र नहीं।

आम आदमी पार्टी ने राज्य में राष्ट्रपति शासन की सिफारिश करने की चेतावनी देने को लेकर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित की आलोचना की है। पंजाब में आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि ऐसा मणिपुर और हरियाणा में किया जाना चाहिए। मान सरकार संवैधानिक सीमाओं के भीतर काम कर रही है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह गैर-बीजेपी शासित राज्यों की सरकारों के कामकाज में हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रही है।

पत्रों का जवाब नहीं मिलने से नाराज हैं राज्यपाल
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने दो दिन पहले भगवंत मान सरकार को चेतावनी दी थी कि वह राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश केंद्र से कर सकते हैं। अगर उन्हें उनके पत्रों का जवाब सरकार की ओर से नहीं मिला तो वह फौजदारी प्रक्रिया भी शुरू कर सकते हैं। राज्यपाल प्रदेश सरकार की ओर से अपने पुराने पत्रों का जवाब नहीं मिलने से नाराज हैं। इसके अलावा भी सीएम भगवंत मान और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के बीच अलग-अलग मसलों पर मतभेद लंबे समय से चल रहे हैं।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शनिवार को चण्डीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यपाल को करारा जवाब देते हुए कहा था कि राज्यपाल ने देश की एकता और अखंडता के लिए बेमिसाल बलिदान देने और देश को अनाज के मामले में आत्मनिर्भर बनाने वाले अमन पसंद और मेहनतकश पंजाबियों की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई है। राष्ट्रपति शासन का सबसे ज्यादा खामियाजा पंजाब को भुगतना पड़ा है। उन्होंने चंडीगढ़ में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से सवाल किया कि आखिर उन्होंने ऐसी धमकी देने की हिम्मत कैसे की? राज्यपाल ने प्रदेश की 3 करोड़ शांतिप्रिय जनता का अपमान किया है। पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। राज्यपाल भाजपा के एजेंडे पर काम कर रहे हैं और सत्ता हासिल करने की फिराक में हैं। मान ने कहा था कि वह किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। उन्होंने नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ अब तक लिए गए पुलिस एक्शन के आंकड़े पेश करते हुए कहा था कि पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।

साहसी पत्रकारिता को सपोर्ट करें,
आई वॉच इंडिया के संचालन में सहयोग करें। देश के बड़े मीडिया नेटवर्क को कभी पैसों की कमी नहीं होती। देश-विदेश से क्रांति के नाम पर इन्हें ख़ूब फ़ंडिग मिलती है। इनसे लड़ने के लिए हमारे हाथ मज़बूत करें। जितना बन सके, सहयोग करें।

About I watch